HPV Vaccine: भारत ने बनाया नया रिकॉर्ड, मुफ्त टीकाकरण अभियान के तहत लगाई गईं 1 करोड़ डोज

नई दिल्ली: HPV Vaccine: भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक अहम उपलब्धि हासिल की है। देश में एचपीवी वैक्सीन (HPV Vaccine) की 1 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया के जरिए इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अभियान की सराहना की।

9 महीने से भी कम समय में 1 करोड़ डोज

केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान के तहत 9 महीने से भी कम समय में 1 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाई गई हैं। इस उपलब्धि को सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ भारत की लड़ाई में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह देश की प्रिवेंटिव हेल्थकेयर की दिशा में एक अहम पड़ाव है। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी हितधारकों के प्रयासों की सराहना की।

Advertisement

Bisleri Water: देश के बड़े वाटर ब्रांड Bisleri पर कानूनी कार्रवाई, जानिए जांच में क्या मिला?

14 साल की लड़कियों को मुफ्त HPV वैक्सीन

फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशव्यापी HPV वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 साल की लड़कियों को माता-पिता की सहमति से मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक HPV वैक्सीन दी जा रही है।

सरकार ने इस अभियान के तहत करीब 1.2 करोड़ बच्चियों को हर साल HPV वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा है। अब तक लक्ष्य का लगभग 87 फीसदी पूरा किया जा चुका है।

उपराष्ट्रपति ने भी की स्वास्थ्यकर्मियों की तारीफ

इस उपलब्धि से पहले उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राज्य सरकारों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में 1 करोड़ से अधिक HPV वैक्सीन डोज देना सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ देश की लड़ाई में बड़ी कामयाबी है।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में HPV वैक्सीन अहम

HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमावायरस संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है। ऐसे में कम उम्र में HPV के खिलाफ टीकाकरण को भविष्य में इस बीमारी के जोखिम को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। भारत का यह अभियान किशोरियों तक वैक्सीन की पहुंच बढ़ाने और कैंसर की रोकथाम पर जोर देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Spread the love
Advertisement