Jammu Kashmir Waqf Day Vande Mataram Controversy: किरेन रिजिजू की मौजूदगी में बजा राष्ट्रीय गीत, बाद में मौलानाओं ने जारी किए माफी के वीडियो

जम्मू-कश्मीर: Jammu Kashmir Waqf Day Vande Mataram Controversy: जम्मू-कश्मीर में वक्फ दिवस के एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ बजाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। श्रीनगर में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं। वंदे मातरम् बजने के दौरान कार्यक्रम में शामिल मौलाना और अन्य लोग भी सम्मान में खड़े हुए। हालांकि, कार्यक्रम के बाद कुछ धार्मिक नेताओं और इमामों ने इस पर आपत्ति जताई और अल्लाह से माफी मांगते हुए वीडियो जारी किए। इसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।

श्रीनगर में आयोजित हुआ था वक्फ दिवस कार्यक्रम

दरअसल, श्रीनगर स्थित SKUAST-कश्मीर में वक्फ दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उनके साथ जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद मियां अल्ताफ अहमद लारवी और कई विश्वविद्यालयों के कुलपति, इस्लामी विद्वान और धार्मिक उपदेशक भी मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान जब राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् बजाया गया तो केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू अपनी जगह पर खड़े हो गए। उनके साथ वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष समेत वहां मौजूद अन्य लोग भी खड़े हुए। इस घटना के बाद कुछ धार्मिक संगठनों ने विरोध जताया।

Advertisement

CG Crime News : 1.89 करोड़ की चोरी का खुलासा, 125 आईफोन बरामद’ 1000 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़ा गिरोह

वंदे मातरम् पर खड़े होने के बाद मौलानाओं ने मांगी माफी

कार्यक्रम में शामिल होने वाले कुछ मौलानाओं और इमामों ने बाद में वीडियो जारी कर वंदे मातरम् के दौरान खड़े होने पर खेद जताया। उन्होंने कलमा पढ़कर अल्लाह से माफी मांगी। इस घटनाक्रम के बाद जम्मू-कश्मीर में धार्मिक और राजनीतिक हलकों में विवाद तेज हो गया।

मौलाना अब्दुल रशीद दाऊदी ने वंदे मातरम् के दौरान खड़े होने के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि ऐसा करना अब अनिवार्य हो गया है, क्योंकि यह कानून का हिस्सा है। हालांकि, उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब कार्यक्रम सरकारी नहीं था तो वहां राष्ट्रीय गीत बजाने की जरूरत क्यों पड़ी।

MMU ने वक्फ बोर्ड के फैसले पर उठाए सवाल

इस मामले में मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) ने भी आपत्ति जताई है। संगठन ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) का हवाला देते हुए कहा कि किसी आधिकारिक कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाना कानूनी रूप से अनिवार्य नहीं है।

कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले MMU ने वक्फ बोर्ड की आलोचना की। संगठन का कहना है कि मातृभूमि को ईश्वरीय दर्जा देने की अवधारणा इस्लाम के मूल सिद्धांत तौहीद के अनुरूप नहीं है। इसी आधार पर संगठन ने कार्यक्रम में वंदे मातरम् शामिल किए जाने को अस्वीकार्य बताया।

इस पूरे घटनाक्रम ने जम्मू-कश्मीर में वंदे मातरम् को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। एक ओर कुछ लोगों ने इसे राष्ट्रीय गीत के सम्मान से जोड़कर देखा है, वहीं दूसरी ओर कुछ धार्मिक संगठनों ने इसे धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए विरोध जताया है।

Spread the love
Advertisement