Ketan Agarwal Murder Case : अब एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला बयान सामने आया है। हत्या की मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने पहली बार मीडिया के सामने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी इस मामले में दोषी साबित होती है तो उसे भी वही सजा मिलनी चाहिए, जिसकी वह हकदार है।

दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती प्रवीण गोयल ने कहा, “अगर मेरी बेटी ने यह अपराध किया है तो उसे भी लोहागढ़ किले से नीचे धकेल देना चाहिए। जिसने भी केतन की हत्या की है, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह मेरी बेटी ही क्यों न हो।”
उन्होंने कहा कि एक पिता होने के बावजूद वह इस जघन्य अपराध का समर्थन नहीं कर सकते। उनका कहना है कि केतन अग्रवाल का परिवार उनके बेहद करीब था और दोनों परिवारों के बीच वर्षों से अच्छे संबंध थे। उन्होंने कहा, “हमने सिर्फ एक होने वाला दामाद नहीं, बल्कि एक बेटा और अच्छा रिश्ता खोया है।”
प्रवीण गोयल ने यह भी कहा कि उन्हें अब तक विश्वास नहीं हो रहा कि उनकी 19 वर्षीय बेटी ऐसा कदम उठा सकती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी चेतन चौधरी को नहीं देखा और न ही उसका नाम पहले कभी सुना था।
वहीं, सिया की मां ने भी अदालत से आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि केतन उनके लिए बेटे जैसा था और इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है।
गौरतलब है कि रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है। पुलिस के अनुसार, केतन की हत्या का आरोप उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।