Nava Raipur News : मंत्रालय की बस में आग से नाराज कर्मचारी, नई बसों और नियमित फिटनेस जांच की मांग

Nava Raipur News : रायपुर। नवा रायपुर में मंत्रालय कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाली स्टाफ बस में आग लगने की घटना के बाद कर्मचारियों में नाराजगी है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में कर्मचारी मंत्रालय के बाहर एकत्र हुए और बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग की।

कर्मचारियों ने सभी स्टाफ बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की जांच कराने के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।

पुरानी और कंडम बसों को लेकर उठे सवाल

कर्मचारियों का आरोप है कि मंत्रालय स्टाफ के लिए संचालित कई बसें काफी पुरानी हो चुकी हैं। उनका कहना है कि बसों की स्थिति को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई थी।

Advertisement

कर्मचारियों के मुताबिक, कुछ बसें मंत्रालय जाते समय रास्ते में कई बार खराब हो जाती थीं। इससे बसों की तकनीकी स्थिति और रखरखाव व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Raipur Railway Station Parking : अब आरक्षण केंद्र के पास नहीं खड़े होंगे वाहन, एक्सप्रेस-वे के पास बनेगी नई पार्किंग व्यवस्था

नई बसें या नियमित फिटनेस जांच की मांग

कर्मचारियों ने मांग की है कि यदि संभव हो तो स्टाफ के लिए नई बसों की व्यवस्था की जाए। मौजूदा बसों का संचालन जारी रहने की स्थिति में उनकी नियमित फिटनेस और तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि केवल कागजी फिटनेस के बजाय बसों के तकनीकी उपकरणों, इंजन और अन्य सुरक्षा मानकों की वास्तविक जांच होनी चाहिए।

कर्मचारियों ने परिवहन विभाग की जांच व्यवस्था पर उठाए सवाल

कर्मचारियों के अनुसार, बसों में आग लगने जैसी घटना पहली बार नहीं हुई है। उनका दावा है कि पहले भी बसों में छोटी-मोटी तकनीकी घटनाएं सामने आती रही हैं और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाती रही है।

कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि परिवहन विभाग द्वारा बसों की फिटनेस जांच की जाती है, लेकिन यह जांच कितनी व्यापक और तकनीकी होती है, इसकी भी समीक्षा की जानी चाहिए।

कमेटी करेगी घटना की जांच

घटना की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने के लिए एक कमेटी गठित किए जाने की बात सामने आई है। इसमें मंत्रालय के कर्मचारियों के साथ NRDA, नगर निगम, बस ऑपरेटर और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।

कमेटी की कर्मचारियों के संघ के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में घटना के कारणों, जिम्मेदारी और बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके बाद भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम तय किए जाएंगे।

कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की

मंत्रालय कर्मचारियों ने कहा है कि स्टाफ बसों में रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी सफर करते हैं। ऐसे में बसों की फिटनेस और सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। कर्मचारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर जवाबदेही तय करने और बस परिवहन व्यवस्था में जरूरी सुधार करने की मांग की है।

Spread the love
Advertisement