भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। अब तक रिटायर्ड जज की बहू और एक वकील की पत्नी के रूप में पहचानी जाने वाली ट्विशा शर्मा की जिंदगी का ग्लैमरस और फिल्मी दुनिया से जुड़ा दूसरा चेहरा सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक Twisha Sharma मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में सक्रिय थीं। वह कई मल्टीनेशनल ब्रांड्स के विज्ञापनों में काम कर चुकी थीं और दो तेलुगु फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी थीं। ट्विशा ने “मिस पुणे” का खिताब भी अपने नाम किया था। हालांकि फिल्मी दुनिया में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने एमबीए किया और कॉर्पोरेट सेक्टर में काम शुरू कर दिया।
शादी के बाद विवादों में घिरी जिंदगी
करीब दो साल तक कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम करने के दौरान उनकी मुलाकात मेट्रिमोनियल साइट के जरिए भोपाल के बागमुगलिया एक्सटेंशन निवासी Samarth Singh से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दिसंबर 2025 में शादी हो गई। लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही ट्विशा की जिंदगी विवादों और तनाव से घिर गई।
मामले में ट्विशा की आत्महत्या के बाद दहेज मृत्यु का केस दर्ज किया गया है। हालांकि मुख्य आरोपी समर्थ सिंह अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है और तलाश के लिए छह टीमें लगाई गई हैं।
शव लेने से परिवार का इनकार
घटना के आठ दिन बाद भी ट्विशा के परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए शव लेने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने परिवार को पत्र जारी कर जल्द शव लेने का अनुरोध किया है। पुलिस का कहना है कि लंबे समय तक शव रखे रहने से खराब होने की आशंका है। साथ ही पुलिस ने कोर्ट को बताया है कि यदि जरूरत पड़ी तो दूसरे पोस्टमार्टम के लिए भी वे तैयार हैं।
इस बीच पूर्व जज गिरीबाला सिंह द्वारा ट्विशा को ड्रग एडिक्ट बताए जाने पर मायके पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है। परिवार ने इसे मृतका का चरित्र हनन बताया है।
CBI जांच की उठी मांग
मामले ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। राज्यसभा सांसद Vivek Tankha ने मुख्यमंत्री Mohan Yadav और केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah को पत्र लिखकर मामले की जांच CBI से कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि मृतका के परिवार का स्थानीय पुलिस और प्रशासन से भरोसा उठ चुका है। मामले में निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र एजेंसी की जरूरत है, क्योंकि आरोपी परिवार न्यायिक पृष्ठभूमि से जुड़ा हुआ है।