Ramayana Part 1: नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म ‘रामायणम्’ (Ramayana Part 1) रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में फिल्म के कुछ सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। दरअसल, फिल्म में सीता को वन में राक्षसों से लड़ते हुए दिखाया गया है। उनके इस योद्धा रूप पर कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं। वहीं, अभिनेता मुकेश खन्ना ने भी इस पर आपत्ति जताई थी। अब फिल्म में माता कैकेयी का किरदार निभाने वालीं लारा दत्ता ने साई पल्लवी का बचाव किया है।
लारा दत्ता ने किया साई पल्लवी का बचाव
इंटरव्यू में लारा दत्ता ने सीता के योद्धा रूप पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दर्शकों को फिल्म को एक सिनेमाई अनुभव के तौर पर देखना चाहिए। लारा ने यह भी याद दिलाया कि रामायण के कई अलग-अलग संस्करण मौजूद हैं।
उनके मुताबिक, पुराने समय में राजा-महाराजाओं के दौर में लड़के और लड़कियों दोनों को कला के साथ युद्ध कौशल का प्रशिक्षण दिया जाता था। ऐसे में यह कल्पना करना गलत नहीं है कि माता सीता भी युद्ध कला में प्रशिक्षित रही होंगी।
‘सीता खुद की रक्षा करने में सक्षम रही होंगी’
लारा दत्ता ने आगे कहा कि जब किसी महिला को मुश्किल परिस्थितियों में डाल दिया जाता है, तो वह खुद को असहाय बनाकर नहीं रखती। सीता जैसा किरदार, जिन्होंने 14 साल वनवास में बिताए, उनका मजबूत होना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सीता ने किसी न किसी मोड़ पर अपनी रक्षा के लिए शस्त्र जरूर उठाए होंगे। लारा के मुताबिक, दर्शकों को अपनी सोच का दायरा बढ़ाना चाहिए और फिल्म में दिखाए जा रहे सिनेमाई अनुभव का आनंद लेना चाहिए।
मुकेश खन्ना ने सीता के युद्ध करने पर उठाए थे सवाल
दरअसल, अभिनेता मुकेश खन्ना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर फिल्म में सीता के युद्ध करने वाले दृश्यों पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि वाल्मीकि रामायण में माता सीता के युद्ध करने का कोई उल्लेख नहीं मिलता।
मुकेश खन्ना ने फिल्म निर्माताओं पर धार्मिक पात्रों के साथ बदलाव करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि सीता माता ने कभी युद्ध नहीं किया। उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि अगर सीता युद्ध करने में सक्षम होतीं, तो वह रावण से भी लड़ सकती थीं।
अभिनेता ने फिल्म में सीता को राक्षसों से लड़ते, उन्हें मारते और लात मारते हुए दिखाने पर भी सवाल उठाए थे। उनका मानना है कि इस तरह के दृश्य रामायण की मूल कथा और माता सीता के पारंपरिक स्वरूप से मेल नहीं खाते।
रामायणम् को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
फिल्म ‘रामायणम्’ में साई पल्लवी के सीता वाले किरदार को लेकर दर्शकों की राय बंटी हुई है। जहां कुछ लोग उनके योद्धा रूप का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ दर्शक इसे धार्मिक ग्रंथों में वर्णित कथा से अलग मान रहे हैं।
अब लारा दत्ता के बयान के बाद यह बहस और तेज हो गई है। देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शक सीता के इस नए सिनेमाई रूप को किस तरह स्वीकार करते हैं।