Smriti Mandhana Record : नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एशियन गेम्स 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मंधाना ने न्यूजीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सुजी बेट्स को पीछे छोड़ते हुए महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
मंधाना ने मुकाबले में जैसे ही 8 रन पूरे किए, वह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुजी बेट्स के नाम था, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 4758 रन बनाए हैं।
स्मृति मंधाना बनीं T20I की रन क्वीन
बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से पहले ही मंधाना रिकॉर्ड के बेहद करीब थीं। 8 रन पूरे करते ही उन्होंने बेट्स को पीछे छोड़ दिया। इस उपलब्धि के साथ मंधाना ने महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ा मुकाम हासिल किया।
मंधाना ने इसके बाद भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन वह अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सकीं। नाहिदा अख्तर ने उन्हें 37 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। अपनी पारी में मंधाना ने पांच चौके और दो छक्के लगाए।
मंधाना के नाम हुए 4788 रन
बांग्लादेश के खिलाफ 37 रनa की पारी के बाद स्मृति मंधाना के महिला टी20 इंटरनेशनल में कुल 4788 रन हो गए हैं। वहीं, इस सूची में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी उनके पीछे हैं। हरमनप्रीत के नाम इस मुकाबले से पहले 4287 रन दर्ज थे।
मंधाना की इस उपलब्धि ने महिला टी20 क्रिकेट में उनकी निरंतरता को एक बार फिर सामने रखा है। वह भारतीय महिला टीम की प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं और लंबे समय से टी20 इंटरनेशनल में लगातार रन बना रही हैं।
फाइनल में पहुंचने के लिए बांग्लादेश से मुकाबला
एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से हो रहा है। इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में प्रवेश करेगी, जहां उसका सामना श्रीलंका से होगा।
श्रीलंका ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। ऐसे में भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला फाइनल में पहुंचने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।