Terrorist attack on a police team in Pakistan: अवैध सोने की खनन के खिलाफ ऑपरेशन से लौट रही पुलिस टीम पर हमला, DSP समेत 11 की मौत

Terrorist attack on a police team in Pakistan: पाकिस्तान में आतंकवादियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट से सामने आया है, जहां आतंकवादियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर बड़ा हमला कर दिया। इस हमले में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 18 हमलावर मारे गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

अवैध सोने की खनन के खिलाफ ऑपरेशन से लौट रही थी पुलिस टीम

जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम इलाके में अवैध सोने के खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को पूरा करके वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आतंकवादियों ने पुलिस पार्टी पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमले में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार समेत कुल 11 सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई। आतंकवादियों ने हमले के दौरान पुलिस की पांच गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया।

Advertisement

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मौसम ने लिया यू-टर्न, ठंडी हवाओं की बदली दिशा, तापमान में दिखेगा उतार-चढ़ाव

जवाबी कार्रवाई में 18 हमलावर मारे गए

हमले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर जवाबी कार्रवाई शुरू की, जिसमें 18 हमलावर मारे गए।

पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जैब के मुताबिक, आतंकवादियों ने अचानक पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी थी। पुलिसकर्मियों ने बहादुरी से मुकाबला किया और जवाबी कार्रवाई में 18 हमलावरों को मार गिराया।

TTP से जुड़े आतंकियों पर हमले का आरोप

पाकिस्तान सरकार प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकवादियों के लिए ‘फितना-अल-खवारिज’ शब्द का इस्तेमाल करती है। आधिकारिक बयान में भी हमलावरों को इसी नाम से संबोधित किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना से अवैध सोने के खनन में शामिल आपराधिक तत्वों और आतंकवादी नेटवर्क के बीच संभावित सांठगांठ का मामला सामने आया है। हालांकि, इस संबंध में जांच की जा रही है।

राज्यपाल ने जताया दुख, मांगी रिपोर्ट

खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल फैसल करीम कुंडी ने हमले में पुलिसकर्मियों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और मामले की जांच जारी है।

Spread the love
Advertisement