India Asia Power Index 2026: एशिया पावर इंडेक्स 2026 जारी, जानिए कितनी बढ़ी भारत की ताकत

India Asia Power Index 2026: भारत ने एशिया में अपनी ताकत और क्षेत्रीय प्रभाव को और मजबूत किया है। ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट (Lowy Institute) की ओर से जारी एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत तीसरा सबसे ताकतवर देश बनकर उभरा है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है। भारत ने कूटनीतिक प्रभाव, रक्षा सहयोग और सांस्कृतिक पहुंच जैसे क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है।

भारत की आर्थिक क्षमता के स्कोर में आई गिरावट

रिपोर्ट के अनुसार, भारत की आर्थिक क्षमता का स्कोर घटकर 26.4 अंक रह गया है। हालांकि, इसके बावजूद भारत इस श्रेणी में तीसरे स्थान पर बना हुआ है। लोवी इंस्टीट्यूट ने आर्थिक क्षमता में गिरावट के पीछे कमजोर रुपए और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की अर्थव्यवस्थाओं को मापने की बदली हुई पद्धति को प्रमुख कारण बताया है।

इसके अलावा, विदेशों में भारत के निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी का भी प्रदर्शन पर असर पड़ा। हालांकि, भारत के भविष्य के संसाधनों का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया है। यह देश की आर्थिक संभावनाओं और भविष्य में विकास के अवसरों को दर्शाता है।

Advertisement

कूटनीतिक प्रभाव में भारत का शानदार प्रदर्शन

एशिया पावर इंडेक्स 2026 के मुताबिक, कूटनीतिक प्रभाव भारत का सबसे मजबूत क्षेत्र रहा है। इस श्रेणी में भारत को 70.3 अंक मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में भी सुधार हुआ है। वह तीन स्थान ऊपर पहुंचकर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया के दूसरे सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता बन गए हैं।

वहीं, भारत ने अपने आर्थिक संबंधों के मामले में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। इस श्रेणी में दो स्थान की छलांग लगाकर भारत सातवें नंबर पर पहुंच गया है। क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में स्थिरता का भी भारत को फायदा मिला है।

CG Police Recruitment 2026 : छत्तीसगढ़ पुलिस में नौकरी का मौका, बस्तर फाइटर के 79 पदों पर निकली भर्ती’ 10वीं पास भी करें आवेदन

रक्षा और सांस्कृतिक प्रभाव में भी बढ़ी भारत की ताकत

रिपोर्ट में भारत के रक्षा नेटवर्क स्कोर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह स्कोर बढ़कर 18.6 अंक हो गया है और भारत इस श्रेणी में नौवें स्थान पर पहुंच गया है। दक्षिण-पूर्व एशिया में ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री और क्षेत्रीय रक्षा सहयोग में बढ़ोतरी को इसकी प्रमुख वजह माना गया है।

इसके अलावा, भारत के सांस्कृतिक प्रभाव का स्कोर भी बढ़कर 43.8 अंक हो गया है। सांस्कृतिक पहुंच, जनसंपर्क और लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्रों में सुधार देखने को मिला है।

रिपोर्ट के अनुसार, इन उपलब्धियों के कारण 2023 के बाद पहली बार भारत के उपलब्ध संसाधनों और एशिया में उसके प्रभाव के बीच का अंतर कम हुआ है। इससे संकेत मिलता है कि भारत भविष्य में भी क्षेत्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत बनाए रख सकता है।

चीन से अब भी 80 फीसदी ज्यादा ताकतवर

एशिया पावर इंडेक्स 2026 के मुताबिक, चीन की कुल शक्ति भारत की तुलना में अब भी करीब 80 फीसदी ज्यादा है। ऐसे में दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर बरकरार है। हालांकि, भारत के बढ़ते पावर स्कोर से एशिया में उसकी मजबूत होती स्थिति का पता चलता है।

बता दें कि लोवी इंस्टीट्यूट का एशिया पावर इंडेक्स 2026 कुल 27 देशों और क्षेत्रों का मूल्यांकन करता है। इसमें शक्ति से जुड़े आठ प्रमुख क्षेत्रों के 131 संकेतकों को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में आर्थिक क्षमता, सैन्य क्षमता, लचीलापन, कूटनीतिक प्रभाव, आर्थिक संबंध, रक्षा नेटवर्क, सांस्कृतिक प्रभाव और भविष्य के संसाधन शामिल हैं।

Spread the love
Advertisement