IPL 2027: रोहित शर्मा के कप्तान बनते ही सूर्यकुमार यादव ने किया ऐसा पोस्ट, सोशल मीडिया पर मची चर्चा

IPL 2027: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) ने बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंप दी है। हार्दिक पंड्या के पंजाब किंग्स में ट्रेड होने के बाद फ्रेंचाइजी ने रोहित को कप्तान बनाने का ऐलान किया है। इस फैसले के साथ ही मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा की कप्तानी का नया दौर शुरू होने जा रहा है। वहीं, भारतीय टी20 टीम के कप्तान और मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने भी रोहित को नई जिम्मेदारी मिलने पर खास अंदाज में प्रतिक्रिया दी है।

सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा को बताया लीडर और मेंटर

रोहित शर्मा के दोबारा मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने के बाद सूर्यकुमार यादव की प्रतिक्रिया चर्चा में है। दरअसल, सूर्यकुमार यादव को भी कप्तानी की दौड़ में शामिल माना जा रहा था। लेकिन फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा पर भरोसा जताया।

सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा को कप्तान बनाए जाने से जुड़ी पोस्ट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘लीडर। भाई। मेंटर। पलटन, कुर्सी की पेटी बांध लो।’

Advertisement

सूर्यकुमार के इस संदेश से साफ है कि वह रोहित की कप्तानी में खेलने को लेकर उत्साहित हैं। उनका यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।

Sai Pallavi on Ramayana Movie: सीता के किरदार पर उठे सवाल तो साई पल्लवी ने दिया जवाब, बोलीं- खुद को मजबूत बनाइए

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने जीते 5 IPL खिताब

रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की है। रोहित साल 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और 2013 सीजन के बीच में उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई थी।

कप्तान बनने के बाद रोहित ने पहले ही सीजन में मुंबई इंडियंस को चैंपियन बना दिया था। इसके बाद टीम ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी उनकी कप्तानी में खिताब जीते।

हालांकि, इसके बाद मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पिछले छह सीजन में टीम एक बार भी फाइनल तक नहीं पहुंच सकी। इस दौरान दो बार मुंबई इंडियंस को पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर भी रहना पड़ा।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में हैं सूर्यकुमार यादव

हार्दिक पंड्या की कप्तानी के दौरान सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के उपकप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हालांकि, आईपीएल 2025 में उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। उन्होंने 13 मुकाबलों में 21 की औसत से केवल 270 रन बनाए थे। यह मुंबई इंडियंस के लिए उनका सबसे खराब सीजन रहा।

वहीं, मौजूदा समय में सूर्यकुमार यादव सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं। इस टूर्नामेंट में उनका बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने पांच पारियों में 54 की औसत और 230 के शानदार स्ट्राइक रेट से 214 रन बनाए हैं।

अब आईपीएल 2027 में रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस कैसा प्रदर्शन करती है, यह देखना दिलचस्प होगा। पांच बार की चैंपियन टीम एक बार फिर खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

Spread the love
Advertisement