CG Road Accident : छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा, टायर फटने से पेड़ से टकराई यात्री बस’ चालक-कंडक्टर समेत 15 घायल

CG Road Accident : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रतापपुर क्षेत्र के शिवपुर मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे की वजह चलते वाहन का टायर फटना बताया जा रहा है। इस दुर्घटना में बस चालक और कंडक्टर समेत करीब 15 लोग घायल हो गए हैं। इनमें चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

अचानक फटा बस का टायर, पेड़ से टकराई बस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री बस बिहार के सासाराम और छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के बीच संचालित हो रही थी। इसी दौरान सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र स्थित शिवपुर मार्ग पर अचानक बस का टायर फट गया। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार अधिक थी। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी।

CG Road Accident : भीषण सड़क हादसा, एक ही गांव के 3 लोगों की मौके पर मौत; रामनाम सप्ताह में जा रहे थे तीनों

Advertisement

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में बैठे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई लोग सीटों से टकराकर घायल हो गए।

बस के केबिन में फंसा रहा चालक

हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और टक्कर के बाद केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार कटर मशीन की मदद से बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर चालक को बाहर निकाला गया।

वहीं, बस कंडक्टर के भी गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

चार गंभीर घायलों को अंबिकापुर किया गया रेफर

घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।

Spread the love
Advertisement