Shikhar Dhawan World T20 Continent Cup Controversy: शिखर धवन के नाम पर मचा बवाल, बिना सहमति टूर्नामेंट में शामिल करने पर भड़के गब्बर

नई दिल्ली: Shikhar Dhawan World T20 Continent Cup Controversy: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन एक नए विवाद को लेकर चर्चा में हैं। धवन ने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप के आयोजकों पर उनकी अनुमति के बिना टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में उनका नाम शामिल करने का आरोप लगाया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है।

धवन ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने न तो टूर्नामेंट में खेलने की सहमति दी है और न ही आयोजकों को अपने नाम का इस्तेमाल करने की अनुमति दी है। उन्होंने मीडिया संस्थानों और अपने प्रशंसकों से अपील की है कि वे उनकी भागीदारी को लेकर किए जा रहे किसी भी अनधिकृत दावे पर भरोसा न करें।

शिखर धवन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

शिखर धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर इस मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में प्रतिभागी खिलाड़ी के रूप में उनका नाम शामिल किया गया है, जबकि इसके लिए उनकी अनुमति नहीं ली गई।

Advertisement

धवन ने अपने पोस्ट में कहा कि आयोजकों ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनके नाम का इस्तेमाल किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी टीम इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करेगी।

पूर्व भारतीय ओपनर ने मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध किया कि वे उनकी भागीदारी को लेकर किसी भी अनधिकृत घोषणा को प्रकाशित न करें और न ही उस पर विश्वास करें। उन्होंने अपने समर्थकों के प्यार और सहयोग के लिए आभार भी जताया।

Arijit Singh Song Phir Se Grammy Consideration List: ‘धुरंधर 2’ के एक नहीं, कई गानों पर ग्रैमी की नजर, अरिजीत सिंह के ‘फिर से’ को भी मिली जगह

दिसंबर में आयोजित होगा वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप

वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप का आयोजन इस साल दिसंबर में किया जाना है। टूर्नामेंट के पहले सीजन में संन्यास ले चुके 49 क्रिकेटरों के हिस्सा लेने की जानकारी दी गई है। इसमें खिलाड़ियों को चार महाद्वीपीय टीमों में बांटा जाएगा।

इन टीमों के नाम एशिया वॉरियर्स, यूरोप चैंपियंस, अफ्रीका लायंस और नॉर्थ अमेरिका ईगल्स हैं। हालांकि, शिखर धवन ने साफ कर दिया है कि उन्होंने इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए अपनी सहमति नहीं दी है।

भारत के लिए शानदार रहा है शिखर धवन का रिकॉर्ड

शिखर धवन भारतीय क्रिकेट के सफल सलामी बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में शानदार प्रदर्शन किया और खास तौर पर वनडे क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई।

धवन के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने 167 वनडे मैचों में 44.1 की औसत से 6,793 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 17 शतक और 39 अर्धशतक निकले।

टेस्ट क्रिकेट में धवन ने 34 मैचों में 2,315 रन बनाए। इस प्रारूप में उनका औसत 40.6 रहा, जबकि उन्होंने सात शतक और पांच अर्धशतक लगाए।

वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने भारत के लिए 68 मैच खेले और 11 अर्धशतकों की मदद से 1,759 रन बनाए। अपने आक्रामक अंदाज और शानदार बल्लेबाजी के कारण धवन भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं।

फिलहाल, वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में अपने नाम के कथित अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर धवन का बयान चर्चा में है। अब देखना होगा कि आयोजकों की ओर से इस मामले पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Spread the love
Advertisement