US Impressed By India Strength In Asia: एशिया में भारत की बढ़ती रणनीतिक ताकत और प्रभाव को देखते हुए अमेरिका ने भारत के साथ अपने रक्षा संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अमेरिकी राष्ट्रीय रक्षा रणनीति 2026 के अमल को लेकर सीनेट समिति को सौंपी गई एक रिपोर्ट में भारत के साथ रक्षा साझेदारी को अहम बताया गया है। रिपोर्ट में अमेरिका की अपने सहयोगी देशों के साथ जिम्मेदारियां साझा करने की रणनीति में भारत की भूमिका पर जोर दिया गया है।
भारत के साथ रक्षा साझेदारी पर अमेरिका का जोर
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका एशिया में अपनी रणनीतिक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए सहयोगी देशों के साथ साझेदारी मजबूत कर रहा है। इस रणनीति में भारत के साथ रक्षा सहयोग को महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया है।
रिपोर्ट में भारत और अमेरिका के बीच हाल में हुए 10 साल के द्विपक्षीय रक्षा समझौते और समुद्री सुरक्षा सहयोग को बढ़ाने के लिए किए गए समझौते का भी उल्लेख किया गया है। इन समझौतों को दोनों देशों के बीच लंबे समय तक चलने वाले रक्षा सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
National Defense Strategy में भारत का बढ़ा महत्व
अमेरिकी रक्षा अवर सचिव एल्ब्रिज कोल्बी ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि राष्ट्रीय रक्षा रणनीति से संबंधित रिपोर्ट पिछले सप्ताह सीनेट समिति को भेजी गई थी।
खास बात यह है कि जनवरी में जारी की गई मूल US National Defense Strategy 2026 में भारत या क्वाड (Quad) का उल्लेख नहीं था। वहीं, अपडेटेड रिपोर्ट में भारत के साथ मजबूत होते रक्षा और रणनीतिक संबंधों को प्रमुखता दी गई है।
अमेरिका ने 20 देशों की दवाओं को टैक्स फ्री किया
भारत-अमेरिका संबंधों के बीच व्यापार से जुड़ा एक और अहम फैसला भी सामने आया है। अमेरिका ने भारत समेत 20 देशों से आयात की जाने वाली कुछ विशेष दवाओं और उनसे जुड़े कंपोनेंट्स पर 0 प्रतिशत टैक्स लगाने की घोषणा की है।
इन दवाओं का इस्तेमाल दुर्लभ बीमारियों के इलाज में किया जाता है। अमेरिकी फेडरल रजिस्टर में उन 20 देशों की सूची जारी की गई है, जहां से आने वाली निर्धारित दवाओं को टैक्स फ्री किया गया है। इस सूची में भारत के साथ 19 अन्य देश भी शामिल हैं।
एशिया में भारत की भूमिका पर अमेरिका का फोकस
अमेरिकी रिपोर्ट में भारत के साथ बढ़ते रक्षा सहयोग को क्षेत्रीय रणनीति के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया गया है। इससे संकेत मिलता है कि अमेरिका एशिया में भारत के साथ अपनी रणनीतिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है।