Saryu Kamla Express Inauguration: अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक चलेगी नई ट्रेन, 604 किलोमीटर का होगा सफर

अयोध्या: Saryu Kamla Express Inauguration: रामनगरी अयोध्या से नेपाल के जनकपुर के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक नई शुरुआत होने जा रही है। अयोध्या से जनकपुर जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को किया जाएगा। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शामिल होंगे।

अयोध्याधाम जंक्शन पर इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसके साथ ही रामनगरी के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

अयोध्या-जनकपुर के बीच 604 किलोमीटर का सफर

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस सफर को पूरा करने में ट्रेन को लगभग 18 घंटे का समय लगेगा। खास बात यह है कि इस ट्रेन में केवल भारत और नेपाल के नागरिकों को ही यात्रा करने का अवसर मिलेगा।

Advertisement

ट्रेन के उद्घाटन के अवसर पर सोमवार सुबह 11 बजे से अयोध्याधाम जंक्शन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, अलमारी से निकाल लें स्वेटर और जैकेट’ 24 नवंबर से बदलेगा मौसम

सरयू-कमला एक्सप्रेस का रूट और ठहराव

सरयू-कमला एक्सप्रेस अपने सफर के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी। निर्धारित रूट के अनुसार ट्रेन का ठहराव इन स्टेशनों पर होगा:

  • अयोध्या कैंट
  • मनकापुर
  • बस्ती
  • गोरखपुर
  • नरकटियागंज
  • रक्सौल
  • सीतामढ़ी
  • शिहसो
  • मधुबनी
  • जयनगर
  • जनकपुर

इस ट्रेन के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुर के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सरयू-कमला एक्सप्रेस की टाइमिंग

निर्धारित समय सारिणी के मुताबिक, सरयू-कमला एक्सप्रेस सोमवार शाम 5 बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी।

वहीं, जनकपुर से यह ट्रेन शनिवार दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी। ट्रेन से दोनों धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा।

उद्घाटन कार्यक्रम के चलते अयोध्या में ट्रैफिक डायवर्जन

सरयू-कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए अयोध्या प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। अयोध्याधाम क्षेत्र में सोमवार सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

प्रशासन की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार:

  1. विद्याकुंड चौराहा: यहां से कनीगंज और रायगंज की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन आसिफबाग चौराहे से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
  2. कनीगंज तिराहा: यहां से अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। स्टेशन जाने वाले वाहन विद्याकुंड चौराहे से लंगड़वीर-टेढ़ी बाजार फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन से रेलवे स्टेशन गेट तक पहुंच सकेंगे।
  3. जैन मंदिर तिराहा: यहां से कनीगंज और रायगंज की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन रामघाट चौराहे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
  4. इकबाल अंसारी आवास तिराहा: यहां से अवध आगमन मार्ग की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन टेढ़ी बाजार फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन का इस्तेमाल कर सकेंगे।
  5. श्रीराम अस्पताल तिराहा: यहां से अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। स्टेशन जाने वाले वाहनों को टेढ़ी बाजार फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन से होकर जाना होगा।

यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए जरूरी सलाह

सोमवार को अयोध्याधाम जंक्शन पर वीआईपी कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लोगों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना चाहिए और अतिरिक्त समय लेकर निकलना बेहतर रहेगा।

Spread the love
Advertisement